12.25 लाख रुपये की हेरोइन के साथ 19 वर्षीय युवक गिरफ्तार, नानकमत्ता से लाकर पिथौरागढ़ में बेचता था स्मैक

DTN पिथौरागढ़। जनपद में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को 41.5 ग्राम अवैध हेरोइन (स्मैक) के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 12.25 लाख रुपये बताई गई है।

प्रभारी निरीक्षक एसओजी नीरज भाकुनी तथा कोतवाली प्रभारी ललित मोहन जोशी के नेतृत्व में चलाए गए संयुक्त चेकिंग अभियान के दौरान सिल्थाम से मिशन इंटर कॉलेज के बीच एक संदिग्ध युवक की तलाशी ली गई। तलाशी में उसके कब्जे से 41.5 ग्राम (पन्नी सहित) अवैध हेरोइन बरामद हुई।

गिरफ्तार युवक की पहचान संदेश कुमार (19 वर्ष), निवासी भाटकोट, पिथौरागढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ कोतवाली पिथौरागढ़ में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।

पूछताछ में अभियुक्त ने पुलिस को बताया कि वह हेरोइन नानकमत्ता से खरीदकर लाता था और उसे छोटी-छोटी पुड़ियों में बांटकर ग्राहकों को बेचता था।

पुलिस के अनुसार मामले की गहन जांच की जा रही है। नशा तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका सामने आने पर उनके विरुद्ध भी कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

कार्रवाई में उपनिरीक्षक ललित डंगवाल, अपर उपनिरीक्षक दीपक सिंह खनका (एसओजी), कांस्टेबल सतेन्द्र सुयाल, विरेन्द्र यादव, गोविन्द रौतेला (एसओजी), कांस्टेबल कुशल सिंह शामिल रहे।