DTN पिथौरागढ़। हरि सिंह थापा स्पोर्ट्स कॉलेज, लेलू के छात्र समीर बोहरा ने जालंधर में आयोजित 5वीं अंडर-15 सब जूनियर बालक वर्ग राष्ट्रीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। समीर की इस उपलब्धि से उत्तराखंड सहित पूरे जनपद में खुशी की लहर है।

22 से 30 जून तक आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में समीर बोहरा ने सेमीफाइनल मुकाबले में तमिलनाडु के बॉक्सर को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल मुकाबले में उन्होंने हरियाणा के बॉक्सर को शिकस्त देकर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।
कॉलेज में कार्यरत सहायक खेल अध्यापक एवं उत्तराखंड राज्य बॉक्सिंग टीम के कोच रविन्द्र सिंह ने बताया कि समीर ने पूरे टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी समीर ने इसी वर्ष उज्बेकिस्तान में आयोजित अंडर-15 एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में रजत पदक जीतकर देश और प्रदेश का नाम रोशन किया था।
वर्तमान में समीर बोहरा हरि सिंह थापा स्पोर्ट्स कॉलेज, लेलू में कक्षा 10 के छात्र हैं। वह सहायक खेल अध्यापक रविन्द्र सिंह एवं खेल प्रशिक्षक देशरत्न बोहरा के मार्गदर्शन में नियमित प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।
समीर की इस उपलब्धि पर कॉलेज के प्रधानाचार्य मनोज कुमार शर्मा, जिला क्रीड़ा अधिकारी अनूप बिष्ट, कॉलेज के समस्त स्टाफ, खेल प्रेमियों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
