DTN पिथौरागढ़। मानसून के दौरान संभावित प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए आज जनपद में जिला प्रशासन, पुलिस और विभिन्न विभागों ने संयुक्त रूप से व्यापक मॉक ड्रिल का आयोजन किया। मुनस्यारी, धारचूला, बरम, जौलजीबी और मदकोट क्षेत्र में राहत एवं बचाव अभियान का अभ्यास कर आपदा के समय शीघ्र कार्रवाई की तैयारियों का परीक्षण किया गया।

मॉक ड्रिल के दौरान मुनस्यारी के धापा गांव में क्षतिग्रस्त भवन में फंसे लोगों के रेस्क्यू का अभ्यास किया गया। वहीं बरम, जौलजीबी और मदकोट मोटर मार्ग पर जलस्तर बढ़ने की स्थिति में फंसे लोगों और पशुओं को सुरक्षित निकालने का सफल प्रदर्शन किया गया।
अभ्यास में कोतवाली मुनस्यारी व धारचूला पुलिस, फायर सर्विस, वन विभाग, ग्रिफ, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आईटीबीपी, स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन की टीमों ने संयुक्त रूप से भाग लिया। मॉक ड्रिल के जरिए विभिन्न विभागों के बीच समन्वय, त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता, उपलब्ध संसाधनों के उपयोग तथा राहत एवं बचाव कार्यों की प्रभावशीलता का आकलन किया गया।
संयुक्त मॉक ड्रिल की निगरानी उपजिलाधिकारी धारचूला, उपजिलाधिकारी मुनस्यारी तथा क्षेत्राधिकारी धारचूला ने की।
