DTN पिथौरागढ़। मानसून के मद्देनजर राष्ट्रीय राजमार्ग टनकपुर–पिथौरागढ़ (घाट) पर सड़क सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने आज दिल्ली बैंड, मुन्ना बैंड और चूपकोट बैंड का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर खतरनाक चट्टानें और ढीले बोल्डर मिलने तथा आवश्यक कार्रवाई में शिथिलता पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनसुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी खतरनाक चट्टानों और ढीले बोल्डरों का तत्काल चिन्हांकन कर वैज्ञानिक तरीके से उन्हें हटाने के लिए समयबद्ध टेंडर प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए। साथ ही ऊंचाई पर स्थित ढीले बोल्डरों की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कर उनका रिकॉर्ड तैयार करने तथा नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने निर्देश दिए कि जुलाई, अगस्त और सितंबर में होने वाली भारी वर्षा के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग हर हाल में सुचारु रहे, ताकि मरीजों और अन्य यात्रियों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा जेसीबी, मशीनरी और अन्य आवश्यक संसाधन हर समय तैयार रखें।
जिलाधिकारी ने संवेदनशील स्थलों की नियमित निगरानी, प्रभावी आपदा प्रतिक्रिया तंत्र बनाए रखने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि सड़क सुरक्षा और मानसून तैयारियों में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
