DTN ओखलकांडा (नैनीताल)। बाल विकास परियोजना के अंतर्गत विकासखंड ओखलकांडा के आंगनबाड़ी केंद्र जोस्यूड़ा में वृक्षारोपण एवं स्वच्छता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान बच्चों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया गया।
शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकत्री रेखा जोशी, सहायिका सरस्वती देवी और प्राथमिक विद्यालय के बालक-बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी ने मिलकर आंगनबाड़ी केंद्र और विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे। इसके बाद परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर साफ-सफाई की गई।
आंगनबाड़ी कार्यकत्री रेखा जोशी ने बच्चों को संदेश देते हुए कहा कि पर्यावरण की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। एक स्वच्छ और हरित वातावरण ही स्वस्थ जीवन की असली आधारशिला है। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने रोपे गए पौधों की नियमित देखभाल करने और अपने आसपास हमेशा स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लिया। स्थानीय ग्रामीणों ने भी इस अनूठी पहल की सराहना करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण के ऐसे कार्यक्रम समाज के लिए बेहद प्रेरणादायक हैं।

