पिथौरागढ़ में 24 जुलाई को लगेगा रोजगार मेला, 11 कंपनियों में 982पदों पर होगा चयन

DTN पिथौरागढ़। जिला सेवायोजन कार्यालय, पिथौरागढ़ के तत्वावधान में 24 जुलाई  को जिला सेवायोजन कार्यालय परिसर में एक दिवसीय लघु रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले में निजी क्षेत्र की 11 प्रतिष्ठित कंपनियां विभिन्न पदों के लिए अभ्यर्थियों का चयन करेंगी। रोजगार मेले में 18 से 65 वर्ष तक के पात्र अभ्यर्थी अपनी योग्यता के अनुसार भाग ले सकेंगे।

जिला सेवायोजन अधिकारी शंकर सिंह बोरा ने बताया कि रोजगार मेले में टाटा मोटर्स, उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक, डिक्सन लिमिटेड, एनर्जाइज़र प्राइवेट लिमिटेड, डायकिन लिमिटेड, आई-सॉन एक्सपीरियंसेज, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस, एलआईसी, एचडीएफसी लाइफ, बजाज लाइफ इंश्योरेंस और केनरा एचएसबीसी लाइफ इंश्योरेंस सहित 11 कंपनियां प्रतिभाग करेंगी। विभिन्न कंपनियों में अप्रेंटिस ट्रेनी, कलेक्शन ऑफिसर, ऑपरेटर, कस्टमर सर्विस एग्जीक्यूटिव, इंटर्नशिप, टीम लीडर, मैनेजर, डेवलपमेंट मैनेजर, अभिकर्ता, सेल्स मैनेजर और डेवलपमेंट ऑफिसर जैसे पदों पर भर्ती की जाएगी।

रोजगार मेले में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को अपने साथ शैक्षिक योग्यता प्रमाणपत्र, स्थायी एवं जाति प्रमाण पत्र (यदि लागू हो), आधार कार्ड, चार पासपोर्ट आकार के फोटो तथा बायोडाटा लेकर पहुंचना होगा। चयन प्रक्रिया पूरी तरह निशुल्क रहेगी और अभ्यर्थियों से किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा।

रोजगार मेला 24 जुलाई को प्रातः 11 बजे जिला सेवायोजन कार्यालय, पिथौरागढ़ में आयोजित होगा। इच्छुक अभ्यर्थियों से समय पर पहुंचकर इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की गई है।