DTN चम्पावत। आमजन को राहत देने और राजस्व संबंधी कार्यों को स्थानीय स्तर पर ही निपटाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मनीष कुमार ने राजस्व उपनिरीक्षकों (पटवारियों) की कार्यप्रणाली को लेकर सख्त निर्देश जारी किए हैं। अब सभी राजस्व निरीक्षक एवं राजस्व उपनिरीक्षक प्रत्येक कार्यदिवस में सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक अपनी-अपनी पटवारी चौकियों में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे।

जिलाधिकारी ने बताया कि जनसुनवाई कार्यक्रमों और जनप्रतिनिधियों से लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कई राजस्व उपनिरीक्षक तहसील मुख्यालयों में अधिक समय बिताते हैं, जिससे ग्रामीणों को प्रमाण पत्र, रिपोर्ट, सीमांकन समेत अन्य राजस्व कार्यों के लिए अनावश्यक रूप से तहसील के चक्कर लगाने पड़ते हैं।
इन्हीं शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए यह व्यवस्था लागू की गई है, ताकि ग्रामीणों के छोटे-छोटे कार्य स्थानीय स्तर पर ही समयबद्ध तरीके से पूरे हो सकें और उन्हें अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों और तहसीलदारों को निर्देश दिए हैं कि आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए। इसके लिए समय-समय पर औचक निरीक्षण भी किए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आदेशों के पालन में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी और लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
