DTN रानीखेत। जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने आज गोविंद सिंह माहरा राजकीय चिकित्सालय, रानीखेत का औचक निरीक्षण कर अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सा व्यवस्थाओं और आधारभूत सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने ओपीडी, आपातकालीन कक्ष, आकस्मिक ड्यूटी कक्ष, दवा वितरण कक्ष, दवा भंडार, प्लास्टर रूम और विभिन्न वार्डों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अस्पताल में उपचार के लिए आए मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने व्हीलचेयर और स्ट्रेचर की उपलब्धता का निरीक्षण करते हुए अस्पताल परिसर में नियमित साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाएं बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने पीडियाट्रिक एनआईसीयू वार्ड में भर्ती बच्चों के स्वास्थ्य की जानकारी चिकित्सकों से ली तथा जनरल वार्ड में भर्ती मरीजों से उपचार संबंधी फीडबैक प्राप्त किया। उन्होंने रेफर रजिस्टर का अवलोकन करते हुए अनावश्यक रेफरल से बचने और मरीजों को स्थानीय स्तर पर बेहतर उपचार उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
उन्होंने अस्पताल परिसर में संचालित जन औषधि केंद्र को नियमित रूप से संचालित करने के निर्देश दिए। साथ ही खराब पड़ी डिजिटल एक्स-रे मशीन को तत्काल ठीक कर पुनः शुरू करने को कहा, ताकि मरीजों को जांच के लिए अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने अस्पताल में डायलिसिस सुविधा शीघ्र शुरू करने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस सुविधा के शुरू होने से रानीखेत और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी तथा उपचार के लिए अन्य शहरों पर निर्भरता कम होगी।
उन्होंने मरीजों के उपचार संबंधी रिकॉर्ड को चरणबद्ध तरीके से डिजिटल स्वरूप में सुरक्षित रखने की व्यवस्था विकसित करने के निर्देश भी दिए, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और निगरानी अधिक प्रभावी हो सके।
निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों के साथ बैठक कर अस्पताल प्रबंधन, मरीजों को समयबद्ध उपचार और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर चर्चा की। उन्होंने सभी चिकित्सकों और कर्मचारियों को मरीजों एवं उनके परिजनों के प्रति संवेदनशील, सहानुभूतिपूर्ण और मानवीय व्यवहार अपनाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जॉइंट मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजेश कुमार वर्मा सहित चिकित्सालय के चिकित्सक एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।
