देवभूमि टुडे न्यूज | अल्मोड़ा। जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में आज चिकित्सा सेवा बोर्ड, देहरादून द्वारा 25 एवं 26 जुलाई को आयोजित होने वाली नर्सिंग ऑफिसर भर्ती लिखित परीक्षा की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि परीक्षा से एक दिन पूर्व सभी परीक्षा केंद्रों का भली-भांति निरीक्षण कर मूलभूत व्यवस्थाओं का परीक्षण किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रवेश पत्रों एवं अभ्यर्थियों की पहचान का गहन सत्यापन सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता की संभावना न रहे।
उन्होंने परीक्षा प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराने, परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने तथा पेयजल, विद्युत और अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर उसका तत्काल समाधान सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में बताया गया कि जनपद में 25 जुलाई को आयोजित परीक्षा में 361 तथा 26 जुलाई को 228 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
बैठक में अपर जिलाधिकारी एवं परीक्षा नोडल अधिकारी युक्ता मिश्र, उपजिलाधिकारी संजय कुमार, क्षेत्राधिकारी बलवंत रावत सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
