सीएचसी कपकोट के औषधि भंडार का औचक निरीक्षण, जांच के लिए लिए गए सात दवा नमूने

DTN| बागेश्वर। जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे के निर्देश पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कपकोट स्थित औषधि भंडार का औषधि निरीक्षक पूजा रानी ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान औषधियों की गुणवत्ता, सुरक्षा एवं प्रभावशीलता सुनिश्चित करने के साथ ही औषधि आपूर्ति प्रणाली में नियामकीय मानकों के अनुपालन की विस्तृत जांच की गई।

निरीक्षण में दवाओं के क्रय, भंडारण, वितरण एवं अभिलेखों का परीक्षण किया गया। स्टॉक रजिस्टर, क्रय अभिलेख, बैच नंबर, एक्सपायरी विवरण, तापमान नियंत्रण व्यवस्था, कोल्ड चेन प्रबंधन, दवाओं के सुरक्षित भंडारण तथा एक्सपायर्ड दवाओं के पृथक्करण की व्यवस्था का भी सत्यापन किया गया।

औषधि निरीक्षक ने बताया कि निरीक्षण का उद्देश्य औषधि भंडार में उपलब्ध दवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करना, गुड स्टोरेज प्रैक्टिस (जीएसपी) एवं नियामकीय दिशा-निर्देशों का पालन कराना तथा जनसामान्य को सुरक्षित और प्रभावी दवाओं की उपलब्धता बनाए रखना है।

निरीक्षण के दौरान वैधानिक प्रक्रिया के तहत कुल सात औषधि नमूने संग्रहित किए गए हैं। इन नमूनों को गुणवत्ता परीक्षण एवं विश्लेषण के लिए राजकीय औषधि परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया है।

औषधि निरीक्षक पूजा रानी ने कहा कि दवाओं की गुणवत्ता नियंत्रण व्यवस्था को मजबूत बनाने तथा आम जनता को मानक गुणवत्ता की सुरक्षित एवं प्रभावी औषधियां उपलब्ध कराने के लिए इस प्रकार के निरीक्षण आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे।