DTN धारचूला। प्राथमिक पाठशाला नाभि में कार्यरत भोजन माता जीवंती देवी (47) का बीमारी के चलते निधन हो गया। उनके निधन से भोजन माता संगठन एवं विद्यालय परिवार में शोक की लहर है।

जीवंती देवी लंबे समय से किडनी की बीमारी से पीड़ित थीं। उनका उपचार देहरादून के एक अस्पताल में चल रहा था, जहां 28 जुलाई को उन्होंने अंतिम सांस ली।
भोजन माता संगठन की जिला अध्यक्ष जानकी भंडारी एवं धारचूला ब्लॉक अध्यक्ष माया थापा ने दिवंगत जीवंती देवी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए राज्य सरकार और शिक्षा विभाग से उनके परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की। माया थापा ने बताया कि दिवंगत अपने पीछे दो बेटियों को छोड़ गई हैं। उनके पति सिलाई (टेलर) का कार्य कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं, ऐसे में परिवार आर्थिक संकट का सामना कर रहा है।
शोक व्यक्त करने वालों में संगठन के संरक्षक सुशील खत्री, दीपा पांडे, रेनू, कौशल्या, कलावती, देवकी, प्रभा, मीना, पुष्पा सहित विद्यालय परिवार के सदस्य शामिल रहे।
