पिंडर घाटी के दुर्गम क्षेत्रों में पहुंचीं डीएम, सड़क और आपदा प्रभावित क्षेत्रों का लिया जायजा

DTN बागेश्वर। जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे ने आज पिंडर घाटी के दुर्गम क्षेत्रों और विभिन्न गांवों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने सड़क, यातायात, आपदा प्रभावित क्षेत्रों और मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के समाधान और व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कपकोट-कर्मी मोटर मार्ग के किमी सात पर स्थित भूस्खलन क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने जेसीबी और पोकलैंड मशीनों की उपलब्धता की जानकारी लेते हुए मार्ग अवरुद्ध होने की स्थिति में तत्काल यातायात सुचारू करने के लिए पर्याप्त मशीनरी उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। कॉजवे, सड़क और कलमठों की खराब स्थिति पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने तत्काल मरम्मत और रखरखाव कराने को कहा। साथ ही कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता न करने के निर्देश दिए।

खाती के समीप वाछम क्षेत्र में क्षतिग्रस्त सड़क का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने पीएमजीएसवाई और लोनिवि के अधिकारियों से सड़क को सुरक्षित और सुचारू बनाने के संबंध में सुझाव लिए। उन्होंने आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। खरकिया में ग्रामीणों से संवाद के दौरान उन्होंने धकौरी पैदल ट्रेक रूट की मरम्मत कराने को कहा।

इसके बाद जिलाधिकारी ने सुराग पुल और आपदा प्रभावित सड़क का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समस्या के दीर्घकालिक और स्थायी समाधान के लिए ठोस रणनीति तैयार करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से विद्युत, पेयजल, रोजगार और पर्यटन की संभावनाओं को लेकर भी चर्चा की तथा क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।