DTN पिथौरागढ़। कुमाऊं की पहाड़ियों से निकलकर मुंबई की फिल्म इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनाने वाले पिथौरागढ़ निवासी गौरव वर्मा अब अपनी पहली फिल्म ‘प्रेम कीटाणु’ लेकर दर्शकों के बीच आने को तैयार हैं। छोटे शहर से शुरू हुआ उनका सफर शाहरुख खान की कंपनी रेड चिलीज एंटरटेनमेंट के साथ करीब नौ साल तक काम करने और कई चर्चित फिल्मों के निर्माण से होते हुए अब अपने प्रोडक्शन बैनर अवनिका फिल्म्स तक पहुंच गया है।

गौरव ने रेड चिलीज एंटरटेनमेंट के साथ काम करते हुए बतौर निर्माता फिल्म निर्माण की बारीकियों को करीब से समझा। इस दौरान उन्हें शाहरुख खान के साथ काम करने के साथ ही बड़े कलाकारों, निर्देशकों और अलग-अलग विषयों पर आधारित फिल्मों के निर्माण का अनुभव मिला।
रेड चिलीज के लिए गौरव ने ‘जवान’, ‘डार्लिंग्स’, ‘भक्षक’, ‘बदला’, ‘लव हॉस्टल’, ‘बॉब बिस्वास’, ‘क्लास ऑफ 83’, ‘कामयाब’ और ‘इत्तेफाक’ जैसी फिल्मों के निर्माण में अहम भूमिका निभाई। इन फिल्मों के दौरान उन्हें बॉबी देओल, अभिषेक बच्चन, अमिताभ बच्चन, तापसी पन्नू, आलिया भट्ट, शेफाली शाह, विजय वर्मा और सान्या मल्होत्रा समेत कई बड़े कलाकारों के साथ काम करने का अवसर मिला।
अलग-अलग तरह की कहानियों और बड़े कलाकारों के साथ काम करने के अनुभव ने गौरव की निर्माता के तौर पर सोच को मजबूत किया। उन्होंने सीखा कि किसी कहानी को दर्शकों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए सही टीम, कलाकारों और रचनात्मक सोच का कितना महत्व होता है।
अब गौरव ने अपने इसी अनुभव को अपनी प्रोडक्शन कंपनी अवनिका फिल्म्स के जरिए आगे बढ़ाया है। अवनिका फिल्म्स की पहली फिल्म ‘प्रेम कीटाणु’ है। फिल्म में वीर पहाड़िया, आफिया सैयद, अपारशक्ति खुराना, राकेश बेदी और निखिल विजय नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन अपूर्व सिंह कार्की ने किया है।
फिल्म का टीजर रिलीज होने के बाद ‘प्रेम कीटाणु’ को दर्शकों की अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। टीजर में फिल्म की कहानी और हास्य अंदाज की झलक ने दर्शकों की उत्सुकता बढ़ाई है। सोशल मीडिया पर भी फिल्म को लेकर चर्चा देखने को मिल रही है। फिल्म दो अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
गौरव वर्मा के लिए यह फिल्म इसलिए भी खास है क्योंकि यह उनके अपने बैनर की पहली फिल्म है। पिथौरागढ़ के छोटे से शहर से शुरू हुआ सफर अब अपनी खुद की फिल्म को बड़े पर्दे तक पहुंचाने के मुकाम पर पहुंच चुका है। उनकी यह कहानी छोटे शहरों से बड़े सपने लेकर निकलने वाले युवाओं के लिए भी प्रेरणा देने वाली है।
