DTN चम्पावत। जिलाधिकारी ने आपदा कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर जिले में वर्षा, प्रमुख नदियों के जलस्तर, अवरुद्ध मोटर मार्गों की स्थिति के साथ पेयजल और विद्युत आपूर्ति से जुड़ी दैनिक शिकायतों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण और प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कंट्रोल रूम में तैनात कार्मिकों ने जिलाधिकारी को प्रतिदिन प्राप्त होने वाली आपदा संबंधी सूचनाओं, जनसमस्याओं और उनके संबंधित विभागों को प्रेषण की प्रक्रिया की जानकारी दी। जिलाधिकारी ने कहा कि शिकायत के निस्तारण के बाद संबंधित विभाग से अनिवार्य रूप से फॉलोअप रिपोर्ट प्राप्त की जाए और अभिलेखों को नियमित रूप से अपडेट रखा जाए।
उन्होंने निर्देश दिए कि जिन शिकायतों का तत्काल निस्तारण संभव नहीं है, उनमें संबंधित विभाग की ओर से की जा रही कार्रवाई और उसके लिए निर्धारित समय-सीमा का स्पष्ट उल्लेख किया जाए। इससे शिकायतों की प्रगति की प्रभावी निगरानी की जा सकेगी।
जिलाधिकारी ने कंट्रोल रूम के कार्मिकों को 24×7 पूरी सतर्कता और सक्रियता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी आपदा या आपातकालीन सूचना के मिलते ही संबंधित उप जिलाधिकारियों, तहसील प्रशासन, विभागीय अधिकारियों और उच्चाधिकारियों को तत्काल सूचित किया जाए।
साथ ही दैनिक शिकायतों का नियमित अनुश्रवण करने, समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने और विभागीय प्रगति से उच्चाधिकारियों को लगातार अवगत कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल सहित आपदा विभाग के कार्मिक मौजूद रहे।
