पाटी में 7.50 लाख से लगेगा प्लास्टिक कॉम्पैक्टर, कूड़ा वाहनों में होंगे सेग्रीगेशन बॉक्स

प्रदेश के 968 कूड़ा वाहनों में लगेगा AIS जीपीएस, 1576 वाहनों में गीले-सूखे कचरे के लिए अतिरिक्त कंपार्टमेंट

DTN पाटी (चम्पावत)। स्वच्छता और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को आधुनिक बनाने की दिशा में उत्तराखंड सरकार ने चम्पावत जिले की नगर पंचायत पाटी में प्लास्टिक कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण के लिए 7.50 लाख रुपये की लागत से प्लास्टिक कॉम्पैक्टर स्थापित करने की स्वीकृति दी है। इसके साथ ही प्रदेशभर के कूड़ा संग्रहण वाहनों को भी आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है।

राज्य सरकार की ओर से प्रदेश के सभी नगर निकायों के 1576 कूड़ा वाहनों में अतिरिक्त कंपार्टमेंट व सेग्रीगेशन बॉक्स बनाने के लिए 157.60 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसमें प्रथम किश्त के रूप में 94.56 लाख रुपये अवमुक्त किए गए हैं। वहीं, 968 कूड़ा वाहनों में AIS जीपीएस सिस्टम लगाने के लिए 48.40 लाख रुपये की धनराशि जारी की गई है।

इन व्यवस्थाओं के लागू होने से घर-घर कूड़ा उठाते समय ही गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने की व्यवस्था मजबूत होगी। वहीं जीपीएस सिस्टम के माध्यम से कूड़ा संग्रहण वाहनों के रूट और समय की रियल टाइम निगरानी की जा सकेगी।

राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) के आदेशों के अनुपालन में शहरी विकास निदेशालय के रिंग फेंस्ड अकाउंट से स्वीकृत इन योजनाओं का लाभ नगर पंचायत पाटी समेत प्रदेश के अन्य नगर निकायों को मिलेगा। सरकार का उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्रों के निकायों में भी आधुनिक कचरा प्रबंधन की सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने संबंधित अधिकारियों को पाटी में प्लास्टिक कॉम्पैक्टर की स्थापना तथा कूड़ा वाहनों में सेग्रीगेशन बॉक्स और जीपीएस सिस्टम लगाने का कार्य पारदर्शिता, उच्च गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल से स्वच्छता व्यवस्था अधिक प्रभावी और पारदर्शी होगी।