जनसुनवाई में पहुंचे 37 मामले, डीएम ने समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश

DTN पिथौरागढ़। जिलाधिकारी आशीष भटगांई की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में साप्ताहिक जनसुनवाई आयोजित की गई। इसमें विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने सड़क, राशन कार्ड, जलापूर्ति, रोजगार सृजन समेत विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याएं जिलाधिकारी के सामने रखीं। जनसुनवाई में कुल 37 प्रकरण प्राप्त हुए।

जिलाधिकारी ने एक-एक कर शिकायतों को सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण का नियमानुसार परीक्षण कर प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। पात्र लोगों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ प्राथमिकता से उपलब्ध कराया जाए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायत के निस्तारण के बाद संबंधित शिकायतकर्ता को की गई कार्रवाई की जानकारी अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाए। साथ ही प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की नियमित समीक्षा भी सुनिश्चित की जाए।

जनसुनवाई में अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।