DTN पिथौरागढ़। आदि कैलाश क्षेत्र में 24 से 26 अक्टूबर तक प्रस्तावित अल्ट्रा मैराथन को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने आज संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर आयोजन की तैयारियों की समीक्षा की और व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने प्रतिभागियों की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए चिकित्सा, आवागमन, पेयजल और मार्ग व्यवस्था समेत सभी जरूरी इंतजाम समयबद्ध तरीके से पूरा करने को कहा। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए, ताकि आयोजन के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।
जिलाधिकारी ने कहा कि आदि कैलाश क्षेत्र में होने वाली अल्ट्रा मैराथन से जनपद में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन संभावनाओं को देश-दुनिया के सामने रखने में भी आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी, उप निदेशक पर्यटन अतुल भंडारी समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
