DTN पिथौरागढ़/बागेश्वर। साप्ताहिक जनसुनवाई में जिलाधिकारियों ने विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के प्राथमिकता एवं समयबद्ध तरीके से निस्तारण के निर्देश दिए। पिथौरागढ़ में जनसुनवाई के दौरान 42 शिकायतें एवं समस्याएं प्राप्त हुईं, जबकि बागेश्वर में 07 शिकायतें सामने आईं।

पिथौरागढ़ में जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने एक-एक कर फरियादियों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसामान्य से जुड़ी शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही न बरती जाए। जिन मामलों का तत्काल समाधान संभव है, उनका समाधान प्राथमिकता से किया जाए। लंबित प्रकरणों में संबंधित विभाग कार्रवाई की स्थिति से शिकायतकर्ता को भी अवगत कराएं।
वहीं बागेश्वर में जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे की अध्यक्षता में आयोजित जनसुनवाई में सड़क, बिजली, पेयजल और मुआवजे से जुड़े मामले आए। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज कांडा में पेयजल समस्या पर जल निगम को पाइपलाइन दुरुस्त कर नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। ढालन-खुनौली सड़क की कटिंग से प्रभावित व्यक्ति के मुआवजे के मामले में लोनिवि कपकोट को स्थलीय निरीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया। सिरकोट-व्हील-कुलवान सड़क बंद होने की शिकायत पर लोनिवि बागेश्वर को निरीक्षण कर सड़क यातायात के लिए शीघ्र सुचारू करने के निर्देश दिए गए।
बागेश्वर में जिलाधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन और हेलो बागेश्वर पर प्राप्त शिकायतों की भी समीक्षा की। अधिकारियों को शिकायतकर्ताओं से दूरभाष पर संपर्क कर निस्तारण की स्थिति बताने और उनकी संतुष्टि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
