आंदोलनकारियों के संघर्ष और बलिदान को किया याद, विकास का लिया संकल्प

DTN पिथौरागढ़। उत्तराखंड राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ पर आज पिथौरागढ़ में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिला मुख्यालय के रामलीला मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान को याद करते हुए उन्हें सम्मानित किया गया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच प्रदेश की लोकसंस्कृति की झलक भी देखने को मिली। इस दौरान जनपद के विकास, स्थानीय संस्कृति के संरक्षण और सीमांत गांवों को आबाद रखने का संकल्प दोहराया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डीडीहाट विधायक बिशन सिंह चुफाल और जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद राज्य आंदोलनकारियों के चित्रों पर माल्यार्पण कर उनके योगदान को नमन किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं।

समारोह में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं और सूचना एवं लोक संपर्क विभाग में पंजीकृत सांस्कृतिक दलों ने लोकगीत एवं लोकनृत्य प्रस्तुत कर उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की छटा बिखेरी। इस अवसर पर सूचना एवं लोक संपर्क विभाग की ओर से प्रकाशित राज्य की विकास पुस्तिका का विमोचन भी किया गया। राज्य निर्माण में योगदान देने वाले आंदोलनकारियों को जिलाधिकारी और अतिथियों ने शॉल ओढ़ाकर तथा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

मुख्य अतिथि विधायक बिशन सिंह चुफाल ने कहा कि राज्य स्थापना दिवस आंदोलनकारियों के संघर्ष, तपस्या और बलिदान को याद करने का अवसर है। उनके अथक प्रयासों से ही पृथक उत्तराखंड राज्य का सपना साकार हुआ। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे स्थानीय उत्पादों को पहचान और प्रोत्साहन मिल रहा है। आदि कैलाश क्षेत्र में अल्ट्रा मैराथन जैसी गतिविधियां सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम को भी गति दे रही हैं।

विशिष्ट अतिथि मेयर कल्पना देवलाल ने प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की बधाई देते हुए विकास में जनसहभागिता और स्थानीय संस्कृति के संरक्षण को महत्वपूर्ण बताया।

जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने कहा कि राज्य स्थापना दिवस हमें उन आंदोलनकारियों के योगदान का स्मरण कराता है, जिनके संघर्ष से उत्तराखंड राज्य का गठन संभव हुआ। उन्होंने अपनी बोली-भाषा और संस्कृति को बचाने, पर्यावरण संरक्षण, धारों-नौलों जैसे पारंपरिक जलस्रोतों के पुनर्जीवन तथा पैतृक गांवों को आबाद रखने पर जोर दिया। उन्होंने स्वच्छता को जीवनशैली का हिस्सा बनाने की अपील करते हुए कहा कि इन प्रयासों में जनसहभागिता बेहद जरूरी है।

समारोह में विभिन्न सरकारी और गैर-सरकारी विभागों ने स्टॉल लगाकर केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी दी। इस दौरान मनरेगा, दीनदयाल उपाध्याय कौशल विकास योजना और कृषि एवं उद्योग विभाग की एमएसएमई योजना के लाभार्थियों को सम्मानित किया गया। राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों और क्रॉस कंट्री दौड़ के विजेताओं को भी प्रशस्ति पत्र एवं चेक प्रदान किए गए।

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोड़े, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी, अपर जिलाधिकारी योगेन्द्र सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष गिरीश जोशी, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राजेंद्र रावत, ग्राम प्रधान बडालू दिवाकर जोशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, राज्य आंदोलनकारी, शिक्षक, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में नगरवासी मौजूद रहे।