‘सशक्त नेतृत्व, विकास की ऊंची उड़ान’ में सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों का लेखा-जोखा, गांवों से लेकर पर्यटन और रोजगार तक के प्रयासों का उल्लेख

देवभूमि टुडे न्यूज | देहरादून। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज गोरखा मिलिट्री इंटर कॉलेज, गढ़ी कैंट में आयोजित समारोह में सूचना एवं लोक संपर्क विभाग की विकास पुस्तिका-2026 ‘सशक्त नेतृत्व, विकास की ऊंची उड़ान’ का विमोचन किया। पुस्तिका में प्रदेश की विकास यात्रा, सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विभिन्न क्षेत्रों में हासिल उपलब्धियों का विवरण प्रस्तुत किया गया है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास पुस्तिका केवल सरकारी योजनाओं और उपलब्धियों का दस्तावेज नहीं है, बल्कि जनता के सामने सरकार के कार्यों का हिसाब रखने के साथ भविष्य की जिम्मेदारियों का भी स्मरण कराती है। विकास का वास्तविक अर्थ तभी सार्थक है, जब उसका लाभ आम आदमी के जीवन में दिखाई दे।
मुख्यमंत्री ने राज्य आंदोलन के बलिदानियों को श्रद्धांजलि देते हुए आंदोलनकारियों के संघर्ष और योगदान को नमन किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड का निर्माण लंबे जनसंघर्ष और बलिदान का परिणाम है। राज्य निर्माण में मातृशक्ति की भूमिका महत्वपूर्ण रही। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में पृथक राज्य का सपना साकार हुआ और अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश को विकसित बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि गांवों तक सड़क पहुंचने से स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता आसान होती है, विद्यालयों में बेहतर संसाधनों से बच्चों को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ने से पलायन की समस्या से निपटने में मदद मिलती है। सरकार का लक्ष्य प्रत्येक परिवार का जीवन बेहतर बनाना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से प्रदेश में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। चारधाम ऑल वेदर रोड, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे और ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना से कनेक्टिविटी को गति मिल रही है। हवाई और हेली सेवाओं के विस्तार से दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंच आसान हो रही है। स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में भी मेडिकल कॉलेज, विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाओं, स्मार्ट क्लासरूम और आधुनिक शैक्षिक संसाधनों के विस्तार पर काम किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जी-20 बैठकों के सफल आयोजन और 38वें राष्ट्रीय खेलों से उत्तराखंड को राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर पर पहचान मिली है। मानसखंड मंदिर माला मिशन, शीतकालीन यात्रा और नए पर्यटन स्थलों के विकास के माध्यम से पर्यटन को सालभर रोजगार से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। इसका लाभ स्थानीय लोगों, होमस्टे संचालकों और छोटे कारोबारियों तक पहुंचाने पर जोर है।
मुख्यमंत्री ने निवेश और आर्थिक विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के माध्यम से प्रदेश में निवेश को प्रोत्साहन मिला है। वर्ष 2025-26 के अनुमानों के अनुसार राज्य की अर्थव्यवस्था का आकार करीब 3.82 लाख करोड़ रुपये है, जबकि वर्ष 2026-27 का बजट एक लाख 11 हजार करोड़ रुपये से अधिक है। सरकार का प्रयास है कि आर्थिक विकास का लाभ किसानों, युवाओं, महिलाओं और स्थानीय उद्यमियों तक पहुंचे।
उन्होंने महिला स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने, स्वरोजगार को बढ़ावा देने और स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने की योजनाओं का भी उल्लेख किया। मुख्यमंत्री के अनुसार प्रदेश में रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। गांवों में सुविधाओं और आजीविका के अवसरों का विस्तार कर युवाओं को अपने क्षेत्र में ही रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विकास के साथ प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान, प्राकृतिक संपदा और नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए भी प्रतिबद्ध है। उन्होंने समान नागरिक संहिता, धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगारोधी कानून, भू-कानून और अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई को सरकार के प्रमुख निर्णयों में शामिल बताया।
उन्होंने कहा कि उपलब्धियां संतोष देती हैं, लेकिन आगे और अधिक काम करने की प्रेरणा भी देती हैं। प्रत्येक गांव तक सुविधाएं पहुंचाने, रोजगार के अवसर बढ़ाने, खेती को लाभकारी बनाने और आपदा प्रबंधन को मजबूत करने की दिशा में प्रयास जारी रहेंगे। उन्होंने राज्य आंदोलनकारियों के सपनों के अनुरूप विकसित उत्तराखंड बनाने का संकल्प दोहराया।
इससे पूर्व महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से राज्य स्थापना दिवस पर भेजे गए शुभकामना संदेश का वाचन किया।
समारोह में राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, गणेश जोशी और खजान दास, विधायक विनोद चमोली एवं सविता कपूर, महापौर सौरभ थपलियाल, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, प्रमुख सचिव आरके सुधांशु एवं डॉ. आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव सूचना शैलेश बगौली, उत्तराखंड मीडिया सलाहकार समिति के अध्यक्ष प्रो. गोविंद सिंह बिष्ट, सचिव विनय शंकर पांडेय सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
