जौलजीवी मेले की तैयारियों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, डीएम ने परखी व्यवस्थाएं

14 नवंबर से शुरू होगा ऐतिहासिक अंतरराष्ट्रीय जौलजीवी मेला, समय से सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश

DTN पिथौरागढ़। ऐतिहासिक एवं अंतरराष्ट्रीय जौलजीबी मेले के आयोजन की उलटी गिनती शुरू हो गई है। 14 नवंबर से शुरू होने वाले मेले की तैयारियों को लेकर आज जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने मेला स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित विभागों और कार्यदायी संस्थाओं को सभी तैयारियां निर्धारित समय के भीतर पूरी करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मेला स्थल पर चल रहे कार्यों की प्रगति देखी और अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जौलजीबी मेला ऐतिहासिक और अंतरराष्ट्रीय महत्व रखता है। मेले में देश के विभिन्न हिस्सों के साथ ही पड़ोसी देश से भी बड़ी संख्या में व्यापारी और आगंतुक पहुंचते हैं। ऐसे में मेले की गरिमा के अनुरूप व्यवस्थाएं सुनिश्चित करना सभी विभागों की जिम्मेदारी है।

डीएम ने स्पष्ट किया कि तैयारियों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने व्यापारियों, स्थानीय नागरिकों और देश-विदेश से आने वाले आगंतुकों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए सभी विभागों को आपसी समन्वय से काम करने के निर्देश दिए। साथ ही मेला अधिकारी को सभी व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने को कहा।

इस दौरान मेलाधिकारी एवं एसडीएम धारचूला आशीष जोशी ने जिलाधिकारी को मेला स्थल पर चल रही तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने दर्शक दीर्घा, विभागीय स्टाल और अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में अवगत कराया। निरीक्षण के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।