DTN धारचूला (पिथौरागढ़)। चीन सीमा से सटी दारमा घाटी में पर्यटन की संभावनाओं को विस्तार देने की दिशा में पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने दांतू गांव पहुंचकर स्थानीय ग्रामीणों और होम स्टे संचालकों से संवाद किया। उन्होंने क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने, होम स्टे सुविधाओं को बेहतर बनाने और स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

दांतू गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ उनका स्वागत किया। इस दौरान उन्हें पारंपरिक रं पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया गया। बैठक में पर्यटन मंत्री ने स्थानीय लोगों से क्षेत्र में पर्यटन की संभावनाओं और होम स्टे संचालन में आ रही समस्याओं की जानकारी ली। साथ ही पर्यटकों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के बारे में भी चर्चा की।
सतपाल महाराज ने कहा कि सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन विकास के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। दारमा घाटी की प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक जीवनशैली को पर्यटन से जोड़कर क्षेत्र को नई पहचान दिलाई जा सकती है। उन्होंने स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित कर उन्हें व्यापक बाजार उपलब्ध कराने की जरूरत बताई, ताकि ग्रामीणों को स्वरोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें।
उन्होंने कहा कि सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन का विकास स्थानीय समुदाय की भागीदारी से ही प्रभावी ढंग से संभव है। इससे न केवल पर्यटन गतिविधियों का विस्तार होगा, बल्कि स्थानीय लोगों की आजीविका के साधन मजबूत होने के साथ क्षेत्र की आर्थिकी को भी नई गति मिलेगी।
