जौलजीबी में जनजाति गौरव दिवस पर बिरसा मुंडा को किया नमन

DTN जौलजीबी। जौलजीबी के ऐतिहासिक मेला प्रांगण में आज समाज कल्याण विभाग और जिला जनजाति कल्याण विभाग की ओर से जनजाति गौरव दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ राजी जनजाति के प्रथम विधायक रहे गगन सिंह रजवार ने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनजातीय समाज और उनके नायकों के साथ संवाद का सीधा प्रसारण भी किया गया।

कार्यक्रम में राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय बलुवाकोट और राजकीय बालिका आश्रम पद्धति विद्यालय छारछुम के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। छात्राओं ने वंदना और स्वागत गीत गाया, जबकि छात्रों ने छोलिया नृत्य से समां बांधा। जनजातीय बच्चों ने राजी, भोटिया और नेपाली भाषाओं में गीत एवं कविताएं प्रस्तुत कर अपनी सांस्कृतिक विरासत की झलक दिखाई।

जिला जनजाति कल्याण अधिकारी डॉ. डीपीएस राठौर ने जनजातीय समाज के उत्थान के लिए संचालित सरकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र लोगों से इनका लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने बताया कि वर्ष 2021 से भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर को जनजाति गौरव दिवस के रूप में मनाया जा रहा है।

इस अवसर पर तीलू रौतेली पुरस्कार से सम्मानित शकुंतला दताल और लीला बनग्याल सहित व्यापार मंडल अध्यक्ष धीरेंद्र धर्मशक्तु, ग्राम प्रधान कमल रजवार, कल्पना अवस्थी, भवानी राम और समाजसेविका विमला गर्खाल को भगवान बिरसा मुंडा का चित्र, स्मृति चिह्न और अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया गया। विभाग की ओर से कार्यक्रम में पहुंचे राजी और भोटिया समुदाय के लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था भी की गई।

कार्यक्रम में समाज कल्याण अधिकारी, सहायक समाज कल्याण अधिकारी धारचूला प्रियंका, बलुवाकोट आश्रम पद्धति विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रदीप कुमार, छारछुम बालिका विद्यालय के प्रधानाचार्य अवधेश रावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, शिक्षक, कर्मचारी और क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन शंकर दत्त भट्ट और करन सिंह थापा ने संयुक्त रूप से किया।