DTN पिथौरागढ़ । पिथौरागढ़ के मड़मानले क्षेत्र से लापता हुई महिला को जाजरदेवल पुलिस ने उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर (नोएडा) से सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस की तत्परता और लगातार की गई खोजबीन के बाद महिला के मिलने से परिजनों ने राहत की सांस ली।
जानकारी के अनुसार, 30 अक्टूबर को महिला के लापता होने की सूचना जाजरदेवल थाने में दी गई थी। काफी खोजबीन के बाद भी महिला का कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू की।

एसओ प्रकाश पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सुरागरसी-पतारसी करते हुए संभावित स्थानों पर लगातार खोजबीन की। पुलिस के प्रयास रंग लाए और महिला को नोएडा से सकुशल बरामद कर लिया गया। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद महिला को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। लंबे समय से महिला की तलाश कर रहे परिजनों ने उसके सकुशल मिलने पर राहत जताई।
