कल से बनबसा में अग्निवीर भर्ती रैली, पिथौरागढ़ के युवाओं को 23 से 25 तक मौका

DTN बनबसा। बनबसा सैन्य स्टेशन में कल से अग्निवीर भर्ती रैली शुरू होने जा रही है। 23 से 29 नवंबर तक चलने वाली इस भर्ती रैली में चम्पावत और पिथौरागढ़ जिले के अभ्यर्थी शामिल होंगे। भर्ती वर्ष 2027 के लिए आयोजित इस रैली में पिथौरागढ़ के अग्निवीर जनरल ड्यूटी (जीडी) अभ्यर्थियों को 23, 24 और 25 नवंबर को मौका मिलेगा। वहीं चम्पावत के जीडी अभ्यर्थियों की भर्ती 26 और 27 नवंबर को होगी।

सेना भर्ती कार्यालय (एआरओ) पिथौरागढ़ के कर्नल अमोल दबडघाव ने बताया कि दोनों जनपदों के अग्निवीर तकनीकी और ट्रेड्समैन (आठवीं एवं दसवीं उत्तीर्ण) श्रेणी के अभ्यर्थियों की भर्ती 27 नवंबर को होगी। उत्तराखंड में आयोजित अग्निवीर भर्ती रैलियों की श्रृंखला में यह तीसरी रैली है। इसका आयोजन जोनल भर्ती कार्यालय (उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड) के अधीन सेना भर्ती कार्यालय पिथौरागढ़ की ओर से किया जा रहा है।

सीईई उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को ही मिलेगा मौका

कर्नल दबडघाव ने स्पष्ट किया कि रैली में केवल वही अभ्यर्थी शामिल हो सकेंगे, जिन्होंने एक से 12 जून 2026 तक आयोजित ऑनलाइन सामान्य प्रवेश परीक्षा (सीईई) उत्तीर्ण की है। अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र में दर्ज तिथि और समय के अनुसार बनबसा सैन्य स्टेशन पहुंचना होगा। साथ ही प्रवेश पत्र और भर्ती अधिसूचना में बताए गए सभी मूल दस्तावेज साथ लाने होंगे।

दलालों से दूर रहने की अपील

उन्होंने अभ्यर्थियों को दलालों और बिचौलियों से सावधान रहने की अपील की। कहा कि सेना में भर्ती पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और योग्यता के आधार पर होती है। भर्ती कराने का दावा करने वाले किसी व्यक्ति को पैसे न दें। कोई भी दलाल या एजेंट भर्ती प्रक्रिया को प्रभावित नहीं कर सकता।

उन्होंने दस्तावेजों में हेरफेर नहीं करने की भी चेतावनी दी। एक से अधिक आधार पहचान पत्रों का इस्तेमाल करने या शैक्षिक प्रमाणपत्रों में जन्मतिथि बदलने जैसी धोखाधड़ी सामने आने पर संबंधित अभ्यर्थियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।