विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटा प्रशासन, नोडल अधिकारियों को दिया प्रशिक्षण

DTN पिथौरागढ़। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन को लेकर प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। आज विकास भवन सभागार में निर्वाचन से जुड़े नोडल अधिकारियों के लिए कार्यशाला आयोजित कर चुनावी प्रक्रियाओं और व्यवस्थाओं की जानकारी दी गई।

कार्यशाला में मास्टर ट्रेनरों ने मतदान केंद्रों और बूथों की व्यवस्था, मतदाता सूची, पोलिंग पार्टियों के गठन एवं प्रशिक्षण तथा राजनीतिक दलों से संबंधित प्रावधानों समेत निर्वाचन की विभिन्न प्रक्रियाओं की जानकारी दी। साथ ही चुनावी तैयारियों को समयबद्ध और व्यवस्थित तरीके से पूरा करने की रणनीति भी समझाई गई।

जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आशीष भटगांई ने अधिकारियों को निर्वाचन से जुड़े दायित्वों और कर्तव्यों का गंभीरता से अध्ययन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन बेहद महत्वपूर्ण और जिम्मेदारीपूर्ण कार्य है। इसे सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए प्रत्येक अधिकारी को अपनी जिम्मेदारी स्पष्ट रूप से समझनी होगी।

उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना सभी का सामूहिक दायित्व है। अधिकारी अभी से तैयारियों को गंभीरता से पूरा करें, ताकि निर्वाचन के दौरान किसी प्रकार की समस्या न आए।

कार्यशाला में अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह सहित सभी उपजिलाधिकारी, तहसीलदार और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।