8279 करोड़ की परियोजनाओं को गति देने में जुटी सरकार, धामी ने तय की एक माह की डेडलाइन

DTN देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गंगा और शारदा कॉरिडोर समेत राज्य की प्रमुख आधारभूत ढांचा परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि आगामी एक माह के भीतर कुछ परियोजनाओं के कार्य धरातल पर नजर आने चाहिए। इसके लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय से लंबित प्रक्रियाएं पूरी कर निर्माण कार्य शुरू करें।

आज मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में उत्तराखंड निवेश और आधारभूत संरचना विकास बोर्ड (यूआईआईडीबी) की पांचवीं बैठक हुई। बैठक में हरिद्वार गंगा कॉरिडोर, ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर और शारदा रिवरफ्रंट कॉरिडोर सहित विभिन्न परियोजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की समीक्षा की गई।

बैठक में बताया गया कि तीनों कॉरिडोर के तहत कुल 8279 करोड़ रुपये की परियोजनाएं प्रस्तावित हैं, जिनमें करीब 1109 करोड़ रुपये की परियोजनाएं क्रियान्वयन के चरण में हैं। इनसे 21 से 27 हजार लोगों को प्रत्यक्ष और 45 से 53 हजार लोगों को अप्रत्यक्ष रोजगार मिलने का अनुमान है।

हरिद्वार गंगा कॉरिडोर में 3297 करोड़ रुपये की योजनाएं प्रस्तावित हैं। हर की पैड़ी के उत्तरी क्षेत्र में 70 प्रतिशत, हर की पैड़ी एवं सुभाष घाट के पुनर्विकास का 50 प्रतिशत और रोड़ी बेलवाला क्षेत्र का 45 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। ऋषिकेश कॉरिडोर में त्रिवेणी घाट, आस्था पथ, चंद्रभागा पैदल पुल और पर्यटक सुविधाओं के विकास के कार्य चल रहे हैं। वहीं, शारदा रिवरफ्रंट कॉरिडोर में शारदा घाट पुनर्विकास, पारिस्थितिक कॉरिडोर और जल निकासी योजना पर काम किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि परियोजनाओं में स्थानीय संस्कृति, धार्मिक और प्राकृतिक महत्व के साथ क्षेत्रीय पहचान का ध्यान रखा जाए, जिससे पर्यटन और रोजगार को बढ़ावा मिले। बैठक में श्रीनगर-बेलकेदार क्षेत्र में 72 हेक्टेयर में आध्यात्मिक आर्थिक क्षेत्र विकसित करने, साहसिक पर्यटन को सुरक्षित बनाने और निजी निवेश को प्रोत्साहित करने पर भी चर्चा हुई।