DTN देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अभियोजन विभाग को नए आपराधिक कानूनों के प्रशिक्षण और आमजन को जागरूक करने के लिए 25 लाख रुपये की अतिरिक्त धनराशि स्वीकृत करने की घोषणा की। साथ ही अभियोजन कार्यालयों के आधुनिकीकरण के लिए कंप्यूटर और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा सभी जिलों में कार्यालयों की बुनियादी सुविधाएं बेहतर बनाने का ऐलान किया।

मुख्यमंत्री आज पुलिस लाइन देहरादून में संविधान एवं विधि दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि संविधान दिवस हमें संविधान के आदर्शों और मूल्यों को व्यवहार एवं कार्यशैली में उतारने की प्रेरणा देता है। बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर और संविधान सभा के सदस्यों के योगदान को स्मरण करते हुए उन्होंने कहा कि संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था का आधार है।
सीएम ने कहा कि अभियोजन विभाग आपराधिक न्याय व्यवस्था का महत्वपूर्ण स्तंभ है। साक्ष्यों का विधिक परीक्षण, न्यायालय में तथ्यों को निष्पक्षता से प्रस्तुत करना और पीड़ितों को न्याय दिलाने में अभियोजन अधिकारियों की अहम भूमिका है। नए आपराधिक कानूनों के लागू होने के बाद विभाग की जिम्मेदारी और बढ़ गई है। सरकार अभियोजन व्यवस्था को आधुनिक और सुदृढ़ बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम लागू होने से आपराधिक न्याय व्यवस्था को नागरिक केंद्रित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण सुधार हुए हैं। प्रदेश में ई-फाइलिंग, डिजिटल न्यायालय और वर्चुअल सुनवाई जैसी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है, जिससे दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों के लोगों को न्याय तक पहुंचने में सहूलियत मिल रही है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विधि, समाज सेवा, चिकित्सा, शिक्षा एवं अभियोजन क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 12 विभूतियों को सम्मानित किया। इनमें वरिष्ठ अधिवक्ता सीताराम नागलिया, एससी बिरमानी, गोविन्द राम नौटियाल, कुसुम कण्डवाल, डॉ. गीता खन्ना, डॉ. महेश कुड़ियाल, ललित जोशी सहित सेवानिवृत्त अभियोजक राम सिंह शर्मा, मनोहर लाल सडाना, सुभाष चन्द्र गुप्ता, त्रेपन सिंह बिष्ट और सुन्दर सिंह गुसाईं शामिल रहे।
मुख्यमंत्री ने ‘उत्तराखण्ड अभियोजन पत्रिका’ एवं ‘हमारा राज्य, हमारा कानून’ का विमोचन किया। उपस्थित लोगों को संविधान की शपथ दिलाने के साथ विधि रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
कार्यक्रम में विधायक विनोद चमोली, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कण्डवाल, सचिव गृह शैलेश बगौली, निदेशक अभियोजन एपी अंशुमान सहित अभियोजन एवं पुलिस विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
