DTN चंपावत। भारत-नेपाल सीमा से जुड़े आर्थिक अपराधों की रोकथाम और वित्तीय सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने निगरानी बढ़ाने पर जोर दिया है। जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में आज जिला सभागार में सीमा संबंधी मुद्दों एवं कार्रवाई समिति (बीआईएसी) की मासिक बैठक हुई। बैठक में नवंबर माह की सीमा प्रबंधन रिपोर्ट की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

शासन के निर्देशों के तहत त्रिस्तरीय निगरानी तंत्र के प्रथम चरण में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि भारत-नेपाल सीमा से जुड़े मामलों पर सतत निगरानी रखी जाए। आर्थिक अपराधों अथवा संदिग्ध वित्तीय गतिविधियों से संबंधित सूचना मिलने पर तत्काल संबंधित विभागों के साथ साझा कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक में बताया गया कि जनपद के बैंकों में नकली नोटों की पहचान के लिए अक्टूबर तक 67 मशीनें स्थापित थीं। नवंबर में 10 नई मशीनें लगाए जाने के बाद इनकी संख्या बढ़कर 77 हो गई है। इससे बैंक शाखाओं में नकली नोटों की पहचान करने में मदद मिलेगी।
रिपोर्ट के अनुसार जनपद में 23 बैंकों की 77 शाखाएं संचालित हैं। इनमें जिला सहकारी बैंक की 10, क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक की नौ, वाणिज्यिक बैंकों की 57 और लघु वित्त बैंक की एक शाखा शामिल है। सभी 77 बैंक शाखाओं और जनपद के एकमात्र उप निबंधक कार्यालय में वैधानिक मानकों का पालन दर्ज किया गया है।
बैठक में पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह, एसएसबी की पांचवीं एवं 57वीं वाहिनी के कमांडेंट करन चौहान और दीपक चौहान, जिला समाज कल्याण अधिकारी रविन्द्र सामंत, जिला पूर्ति अधिकारी प्रियंका भट्ट, सहायक आयुक्त राज्य कर टनकपुर उपस्थित रहे।
