जिलाधिकारी ने दिए सख्त निर्देश, जनपद की सभी सड़कों को जल्द बनाएं गड्ढामुक्त

पिथौरागढ़। जनपद की सभी सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने के लक्ष्य के साथ आज कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगाईं की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) के सभी खंडों के साथ प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई), ग्रामीण निर्माण विभाग, सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) और राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) के अधिकारी शामिल हुए।

जिलाधिकारी ने जनपद के विभिन्न मार्गों की वर्तमान स्थिति की गहन समीक्षा की और पीपीटी प्रस्तुतीकरण के माध्यम से चल रहे पेंचवर्क कार्यों का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि सभी विभाग यह सुनिश्चित करें कि निर्धारित समयसीमा में अपने-अपने मार्ग पूरी तरह गड्ढामुक्त हो जाएं।

डीएम ने पेंचवर्क, झाड़ी कटान और नालियों की सफाई में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि जनता को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो, यह हर कार्यदायी संस्था की जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी अधिकारियों को कार्यों की सतत मॉनिटरिंग, गुणवत्ता पर विशेष ध्यान और नियमित प्रगति रिपोर्ट देने के निर्देश दिए।

डीएम भटगाईं ने बीआरओ अधिकारियों से कहा कि आगामी अल्ट्रा मैराथन को ध्यान में रखते हुए गूंजी तक के राष्ट्रीय राजमार्ग पर विशेष फोकस रखा जाए और शेष पेंचवर्क कार्य यथाशीघ्र पूरे किए जाएं। उन्होंने उपजिलाधिकारियों व संबंधित अधिकारियों को फील्ड में जाकर कार्य की गुणवत्ता स्वयं जांचने के निर्देश दिए ताकि मैराथन से पहले सभी मार्ग पूरी तरह सुगम और सुरक्षित हों।

जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि सड़कों के निर्माण और मरम्मत में गुणवत्ता से कोई समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आने पर संबंधित विभागीय अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिला मुख्यालय क्षेत्र में कोई भी सड़क कार्य रुका हुआ न मिले और सभी मरम्मत व सुधार कार्य तय समयसीमा के भीतर पूरे किए जाएं। डीएम ने सभी उपजिलाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में चल रहे कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर गुणवत्ता रिपोर्ट जिला कार्यालय को भेजने के निर्देश भी दिए।

जिला सड़क सुरक्षा समिति को भी निर्देशित किया गया कि तीन दिवस के भीतर सड़कों की स्थिति व चल रहे कार्यों की विस्तृत समीक्षा रिपोर्ट प्रस्तुत करें।

बैठक में एडीएम योगेन्द्र सिंह सहित सड़क निर्माण से जुड़े अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।