जिलाधिकारी ने किया चंडाक–मोस्टमानू मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण; गुणवत्ता जांच के निर्देश, लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर होगी कार्रवाई

पिथौरागढ़। जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने आज चंडाक–मोस्टमानू में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और इसे निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के सख्त निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने निर्माण कार्य में उपयोग की जा रही सभी सामग्री की गुणवत्ता जांच के लिए लैब में भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यदायी संस्था को यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि उपयोग की जा रही सामग्री का केवल उच्च गुणवत्ता का लैब-टेस्टेड प्रमाणपत्र मिलने के बाद ही उसे निर्माण कार्य में इस्तेमाल किया जाए। उन्होंने सभी आवश्यक प्रमाणपत्र कार्यालय में प्रस्तुत करने के लिए भी सख्त निर्देश दिए।
सड़क की खराब स्थिति पर गहरी नाराजगी:
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने चंडाक–मोस्टमानू सड़क की बेहद खराब स्थिति पर गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने मौके पर मौजूद लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए सड़क का शीघ्र सुधारीकरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए, जिलाधिकारी ने मौके से ही लोनिवि के प्रमुख अभियंता से वार्ता कर विभागीय अधिकारियों की कार्य के प्रति लापरवाही पर अपनी नाराज़गी जताई। साथ ही, उन्होंने अधीक्षण अभियंता से भी बात कर निर्देश दिए कि जनता को हो रही परेशानी से निजात दिलाने के लिए सड़क को तत्काल प्रभाव से ठीक कराया जाए।
लापरवाही बर्दाश्त नहीं:
जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सड़कों की खराब गुणवत्ता और विभागीय लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही बरतने वाले दोषी अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस निरीक्षण के दौरान तहसीलदार सदर विजय गोस्वामी, लो. नि. वि. के अधिशासी अभियंता और मेडिकल कॉलेज निर्माण कर रही संस्थान के अभियंता भी उपस्थित रहे।
