भाई दूज पर कैंची धाम जाने से पहले जान लें ट्रैफिक प्लान, कई मार्गों पर रहेगा डायवर्जन

देवभूमि टुडे न्यूज | नैनीताल। भाई दूज के अवकाश पर कैंची धाम, भवाली और भीमताल क्षेत्र में श्रद्धालुओं व पर्यटकों की संभावित भीड़ को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। कल को यातायात का विशेष डायवर्जन प्लान लागू रहेगा। इसके तहत भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाने के साथ ही बसों और चौपहिया वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। वहीं कैंची धाम जाने वाले पर्यटकों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर वाहन खड़े कर शटल सेवा से मंदिर तक पहुंचना होगा।

यातायात प्लान के अनुसार सुबह 3 बजे से रात 11 बजे तक सभी प्रकार के भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे वाहनों को जनपद की सीमा पर ही रोक दिया जाएगा। वहीं सुबह पांच बजे से रात आठ बजे तक बसों और चौपहिया वाहनों के लिए डायवर्जन व्यवस्था प्रभावी रहेगी।

इन मार्गों से गुजरेंगे वाहन

अल्मोड़ा, जागेश्वर, बागेश्वर और पिथौरागढ़ से मैदानी क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहन लमगड़ा, धनाचूली, धारी, खुटानी बैंड और भीमताल होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। इसी तरह हल्द्वानी, काठगोदाम और मैदानी क्षेत्रों से पहाड़ी जनपदों की ओर जाने वाले वाहन खुटानी बैंड, भीमताल, धारी और धनाचूली बैंड होते हुए जाएंगे। काठगोदाम से रानीखेत जाने वाले वाहनों को खुटानी बैंड से मुक्तेश्वर और रामगढ़ मार्ग की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

दो स्थानों पर होगी पार्किंग, शटल से पहुंचेंगे कैंची धाम

भीमताल की ओर से कैंची धाम आने वाले निजी वाहनों को विकास भवन पार्किंग, भीमताल में खड़ा करना होगा। यहां से श्रद्धालु स्थानीय शटल सेवा के जरिए भवाली और कैंची धाम मंदिर पहुंच सकेंगे। वहीं ज्योलीकोट, गेठिया और नैनीताल मार्ग से आने वाले निजी वाहनों के लिए भवाली सैनेटोरियम पार्किंग निर्धारित की गई है। यहां से भी मंदिर तक शटल सेवा संचालित होगी।

स्थानीय वाहनों के लिए भी वैकल्पिक मार्ग

भीमताल, नैनीताल और ज्योलीकोट की ओर से खैरना, गरमपानी और बेतालघाट जाने वाले स्थानीय वाहन दूनीखाल-रातीघाट मोटर मार्ग से अपने गंतव्य तक जा सकेंगे। भीमताल से अल्मोड़ा, रानीखेत और कैंची धाम जाने वाले वाहनों को नैनी बैंड प्रथम से सैनेटोरियम बाईपास मोटर मार्ग होते हुए शिप्रा पुल भवाली की ओर भेजा जाएगा।

टैक्सी और दोपहिया वाहनों पर रहेगी रोक

अवकाश के दौरान कैंची धाम क्षेत्र में टैक्सी और दोपहिया वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। पीली नंबर प्लेट वाले दोपहिया वाहन भी इस प्रतिबंध के दायरे में रहेंगे। पुलिस ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले निर्धारित यातायात प्लान की जानकारी जरूर लें और पुलिस के निर्देशों का पालन करें।