DTN देहरादून। डिजिटल जीवित प्रमाणपत्र (डीएलसी) जमा करने में आ रही तकनीकी दिक्कतों और पेंशन संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए साइबर कोषागार देहरादून ने विशेष अभियान शुरू किया है। राष्ट्रव्यापी डिजिटल जीवित प्रमाणपत्र अभियान-5 के तहत संचालित यह अभियान 30 नवंबर 2026 तक चलेगा।

मुख्य कोषाधिकारी साइबर कोषागार बीएन पाण्डेय ने बताया कि साइबर कोषागार से पेंशन प्राप्त करने वाले जिन पेंशनरों को डिजिटल जीवित प्रमाणपत्र जमा करने में परेशानी हो रही है या पेंशन से जुड़ी अन्य समस्याएं हैं, वे किसी भी कार्यदिवस में साइबर कोषागार कार्यालय पहुंचकर उनका समाधान करा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि पेंशनरों को इसके लिए अपना जीआरडी नंबर, आधार कार्ड, बैंक पासबुक और स्मार्टफोन साथ लाना होगा। पेंशनरों की समस्याओं के निराकरण के लिए उपकोषाधिकारी परमीत सिंह को शिकायत निवारण अधिकारी नामित किया गया है। उनसे मोबाइल नंबर 7500370037 और 7590900090 पर भी संपर्क किया जा सकता है।
साइबर कोषागार कार्यालय 23 लक्ष्मी रोड, डालनवाला, देहरादून में स्थित है। मुख्य कोषाधिकारी ने सभी पेंशनरों से अभियान का लाभ उठाने और निर्धारित अवधि में डिजिटल जीवित प्रमाणपत्र व पेंशन संबंधी समस्याओं का समाधान कराने की अपील की है।
