अल्मोड़ा। जिला अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत परखने के लिए जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने आज औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ओपीडी, औषधि वितरण कक्ष, जन औषधि केंद्र सहित विभिन्न विभागों का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के समय दोपहर 12 बजे तक 550 से अधिक ओपीडी पंजीकरण दर्ज पाए गए, जिससे अस्पताल में मरीजों की भारी भीड़ देखी गई।

जिलाधिकारी ने अल्ट्रासाउंड, डिजिटल एक्स-रे एवं पैथोलॉजी लैब की कार्यप्रणाली का भी जायजा लिया। इसके साथ ही अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों की स्थिति, शौचालयों की व्यवस्था एवं परिसर की साफ-सफाई की समीक्षा की। गंदगी पाए जाने पर उन्होंने प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक को शौचालयों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने और परिसर में गंदगी फैलाने वालों पर सख्त जुर्माना लगाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जन औषधि केंद्र के लाइसेंस की अवधि समाप्त होने की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी ने अग्रिम आदेशों तक केंद्र का संचालन मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) की निगरानी में कराने के निर्देश दिए। उन्होंने दवाओं की उपलब्धता की अद्यतन सूची तत्काल प्रस्तुत करने को कहा और स्टॉक रजिस्टर का नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। साथ ही स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डीएम ने अस्पताल में इलाज के लिए आए मरीजों से संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने। उन्होंने पीएमएस एचसी गड़कोटी को निर्देशित किया गया कि अस्पताल की सभी स्वास्थ्य सेवाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप, सुचारु एवं पारदर्शी तरीके से संचालित हों, ताकि आमजन को समयबद्ध और बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल सकें।
