चम्पावत को बड़ी सौगात: सिटी ड्रेनेज के लिए 65.65 करोड़, जल संरक्षण कार्यों को 3.39 करोड़ की मंजूरी

जन-जन की सरकार कार्यक्रम में 83 हजार से अधिक लोग सीधे लाभान्वित

चंपावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में जनपद चम्पावत में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने और जल संरक्षण को नई गति देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री ने शारदा घाट परियोजना के अंतर्गत सिटी ड्रेनेज प्लान (फेज–1) के निर्माण हेतु 65.65 करोड़ रुपये की योजना को स्वीकृति प्रदान की है।

इस महत्वाकांक्षी योजना के क्रियान्वयन से शहरी जल निकासी व्यवस्था में व्यापक सुधार होगा। इससे बरसात के दौरान होने वाली जलभराव की समस्या से राहत, स्वच्छता स्तर में सुधार और पर्यावरण संरक्षण को मजबूती मिलेगी। लंबे समय से शहरवासियों की मांग रही ड्रेनेज व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण से नगर की आधारभूत सुविधाएं सशक्त होंगी।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री धामी ने जनपद चम्पावत में सहायक नदी/धारा उपचार (कालसन–भोलेश्वर) के अंतर्गत समग्र जल संरक्षण, जल संवर्द्धन एवं मृदा संरक्षण व पुनरोद्धार कार्यों के लिए 3.39 करोड़ रुपये की स्वीकृति भी दी है। यह धनराशि जलागम प्रबंधन के तहत खर्च की जाएगी, जिससे प्राकृतिक जल स्रोतों के संरक्षण और पुनर्जीवन को बढ़ावा मिलेगा।

इन दोनों महत्वपूर्ण स्वीकृतियों से जनपद में शहरी आधारभूत सुविधाओं का विस्तार, जल संसाधनों का संरक्षण और समग्र विकास को नई दिशा मिलेगी। सरकार का यह निर्णय चम्पावत के संतुलित, सतत और समग्र विकास की दिशा में एक दूरदर्शी पहल के रूप में देखा जा रहा है।