पिथौरागढ़ में हर्षोल्लास के साथ मना 77वां गणतंत्र दिवस, डीएम आशीष भटगांई ने किया ध्वजारोहण

पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ जनपद में देश का 77वां गणतंत्र दिवस अत्यंत हर्षोल्लास, गरिमा और राष्ट्रभक्ति के वातावरण में मनाया गया। जनपद मुख्यालय सहित विभिन्न क्षेत्रों में देशभक्ति का उत्साह देखने को मिला। कलेक्ट्रेट परिसर और पुलिस लाइन को तिरंगे, पुष्प सज्जा एवं रंग-बिरंगी झांकियों से आकर्षक रूप से सजाया गया।

मुख्य अतिथि जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया गया। इसके पश्चात विभिन्न विभागों द्वारा तैयार की गई झांकियों को हरी झंडी दिखाकर पुलिस लाइन के लिए रवाना किया गया। झांकियों के माध्यम से विकास कार्यों, सामाजिक-आर्थिक योजनाओं, महिला सशक्तिकरण, कृषि, उद्योग, आपदा प्रबंधन एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विषयों का प्रभावशाली प्रदर्शन किया गया।

पुलिस लाइन में जिलाधिकारी ने पुनः ध्वजारोहण किया और भव्य परेड का निरीक्षण किया। परेड में भारतीय सेना, सशस्त्र सीमा बल, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस, उत्तराखंड पुलिस, महिला होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा संगठनों की टुकड़ियों ने अनुशासित प्रदर्शन कर उपस्थित जनसमूह को प्रभावित किया। जिलाधिकारी ने परेड की सलामी लेते हुए अधिकारियों एवं जवानों की कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की।

अपने संबोधन में जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने कहा कि 26 जनवरी 1950 को लागू हुआ संविधान हमें स्वतंत्रता, समानता और न्याय के अधिकार देता है। यह दिवस स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान की याद दिलाता है। उन्होंने कहा कि विज्ञान, तकनीक, सामाजिक और आर्थिक क्षेत्रों में देश की प्रगति प्रत्येक नागरिक के लिए गर्व की बात है। उन्होंने भारतीय सेना, आईटीबीपी, एसएसबी एवं उत्तराखंड पुलिस के योगदान की प्रशंसा की।

उन्होंने कहा कि गणतंत्र की मजबूती नैतिक मूल्यों, अनुशासन और कर्तव्यबोध पर आधारित है। प्रत्येक नागरिक को अपने अधिकारों के साथ कर्तव्यों का भी ईमानदारी से पालन करना चाहिए।

समारोह में विभिन्न विभागों, सांस्कृतिक दलों और विद्यालयों द्वारा देशभक्ति एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। जूडो और कराटे के प्रदर्शन आकर्षण का केंद्र रहे। इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले नागरिकों, पुलिस कर्मियों एवं पूर्व सैनिक संगठनों को स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

परेड प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार सशस्त्र सीमा बल, द्वितीय महिला होमगार्ड और तृतीय सशस्त्र पुलिस को मिला। झांकियों में उद्यान विभाग, आपदा प्रबंधन विभाग और जिला ग्राम्य विकास अभिकरण सहित अन्य विभागों को पुरस्कार प्रदान किए गए।

पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने जनपदवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में विधायक बिशन सिंह  चुफाल, दर्जा राज्य मंत्री गणेश भंडारी, जिला पंचायत अध्यक्ष जीतेन्द्र प्रसाद, नगर निगम महापौर कल्पना देवलाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।