अल्मोड़ा। धौलछीना थाना क्षेत्र में आज अपराह्न एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा धौलछीना से लगभग छह किलोमीटर सेराघाट की ओर कसाण बैंड के पास हुआ, जहां एक स्कॉर्पियो वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 20 मीटर नीचे गिर गया।

पुलिस के अनुसार अपराह्न लगभग तीन बजे सूचना मिली कि वाहन संख्या डीएल 3 सीसीजेड 8690 (स्कॉर्पियो) दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष धौलछीना सुनील कुमार बिष्ट पुलिस टीम के साथ आवश्यक उपकरण लेकर घटनास्थल के लिए रवाना हुए। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाया।
दुर्घटनाग्रस्त वाहन में चालक समेत तीन लोग सवार थे। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से वाहन में फंसे सभी व्यक्तियों को बाहर निकाला गया। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को निजी वाहन से उपचार के लिए अल्मोड़ा भेजा गया।
मृतकों में प्रणब रॉय (75) एवं शुभी रॉय (72) निवासी मंगलपुरी, महरौली, नई दिल्ली के रूप में हुई है
घायल की पहचान सिद्धार्थ रॉय (52) पुत्र प्रणब रॉय निवासी मंगलपुरी, महरौली, नई दिल्ली के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
