जाखनी की निर्माणाधीन पार्किंग का डीएम ने किया निरीक्षण, जेई को नोटिस के निर्देश

पिथौरागढ़। जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगाई ने जाखनी क्षेत्र में ब्रिडकुल द्वारा निर्माणाधीन पार्किंग स्थल का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद ब्रिडकुल और विकास प्राधिकरण के अधिकारियों से कार्यों की स्थिति की विस्तृत जानकारी ली।

अधिकारियों ने जिलाधिकारी को बताया कि पार्किंग निर्माण का कार्य लगभग पूरा हो चुका है, जबकि जल व विद्युत कनेक्शन से जुड़े कुछ कार्य शेष हैं। इन कार्यों के पूर्ण होने के बाद पार्किंग को नगर निगम को हस्तांतरित किया जाएगा, जिससे शहरवासियों को पार्किंग सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विकास प्राधिकरण के कनिष्ठ अभियंता से पार्किंग की संरचना, क्षमता और अन्य कार्यों की स्थिति के बारे में जानकारी ली। जवाब संतोषजनक नहीं मिलने पर जिलाधिकारी ने कनिष्ठ अभियंता को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही शेष कार्यों को शीघ्र पूरा कर पार्किंग को जल्द उपयोग के लिए उपलब्ध कराने को कहा।

इसके बाद जिलाधिकारी ने कृष्णापुरी क्षेत्र में ग्रामीण निर्माण विभाग द्वारा निर्मित मल्टी स्टोरी पार्किंग का भी स्थलीय निरीक्षण किया। यहां पाया गया कि निर्माण कार्य पूरा होने के बावजूद अब तक पार्किंग का हस्तांतरण नहीं किया गया है। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाते हुए हस्तांतरण की प्रक्रिया जल्द पूरी कर पार्किंग को आमजन के उपयोग के लिए उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि शहर में बढ़ते वाहनों के दबाव को देखते हुए पार्किंग सुविधाओं का समय पर निर्माण और संचालन जरूरी है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को शेष कार्यों और औपचारिकताओं को शीघ्र पूरा कर पार्किंग परियोजनाओं को जल्द जनता को समर्पित करने के निर्देश दिए।