चेकिंग में पकड़ा गया नाबालिग टैक्सी चालक, 25 हजार का चालान; वाहन सीज

पिथौरागढ़। जनपद में सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के पालन को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत चौकी वड्डा क्षेत्र में पुलिस ने सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान बैरियर पर एक टैक्सी वाहन को रोककर जांच की गई।

चौकी प्रभारी वड्डा उपनिरीक्षक आशीष रावत व कांस्टेबल त्रिलोक सिंह ने जब चालक से ड्राइविंग लाइसेंस व अन्य जरूरी दस्तावेज मांगे तो वह कोई भी वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। चालक की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पुलिस ने उसके जन्म संबंधी अभिलेखों का सत्यापन किया, जिसमें वह नाबालिग निकला।

नाबालिग चालक पाए जाने पर पुलिस ने तत्काल उसके परिजनों को मौके पर बुलाया और उन्हें यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते हुए काउंसलिंग की। इसके बाद मोटर वाहन अधिनियम के तहत अभिभावक के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 25 हजार रुपये का चालान किया गया तथा वाहन को सीज कर दिया गया।

पुलिस ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।