DTN धारचूला। लगातार हो रही बारिश के चलते सीमांत क्षेत्र में नदियों का जलस्तर बढ़ने लगा है। आज सुबह 7:30 बजे तक धारचूला में 24.6 मिमी वर्षा दर्ज की गई। काली और गोरी नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने की प्रवृत्ति (राइजिंग ट्रेंड) में है, हालांकि सभी स्थानों पर जलस्तर अभी चेतावनी स्तर से नीचे बना हुआ है।

धारचूला में काली नदी का जलस्तर 888.50 मीटर दर्ज किया गया, जबकि चेतावनी स्तर 889.00 मीटर और खतरे का स्तर 890.00 मीटर निर्धारित है। जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, जिससे प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
वहीं, जौलजीबी में गोरी नदी का जलस्तर 604.15 मीटर रिकॉर्ड किया गया। यहां चेतावनी स्तर 606.80 मीटर तथा खतरे का स्तर 607.80 मीटर है। नदी का जलस्तर बढ़ने की प्रवृत्ति में है।
मदकोट में भी गोरी नदी का जलस्तर 1211.40 मीटर दर्ज किया गया, जबकि चेतावनी स्तर 1214.10 मीटर और खतरे का स्तर 1215.10 मीटर निर्धारित है। यहां भी नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है।
प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों और यात्रियों से सतर्क रहने तथा मौसम विभाग एवं जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। लगातार बारिश के मद्देनजर जलस्तर पर निगरानी रखी जा रही है।
