पिथौरागढ़। आदि कैलाश एवं ओम पर्वत यात्रा-2026 को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। आज कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी आशीष भटगांई की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए विभिन्न विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने बताया कि इनर लाइन परमिट के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 28 अप्रैल से शुरू होगी। श्रद्धालु पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे, जबकि परमिट उपजिलाधिकारी धारचूला कार्यालय से जारी किए जाएंगे। उन्होंने जानकारी दी कि जोलिंगकोंग स्थित प्रमुख शिव मंदिर के कपाट 1 मई को श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे।
बैठक में यात्रा मार्ग पर पेयजल, स्वास्थ्य, सड़क, दूरसंचार, खाद्यान्न, शौचालय, सुरक्षा और स्वच्छता की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह को निर्देश दिए कि उनकी अध्यक्षता में टीम गठित कर यात्रा शुरू होने से पहले गुंजी क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए, जिससे कमियों का समय रहते समाधान हो सके।
स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने पिथौरागढ़, धारचूला और जिला मुख्यालय में प्रतिदिन स्वास्थ्य परीक्षण की सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही यात्रा मार्ग पर छोटे मेडिकल कैंप स्थापित करने, प्रमुख स्थानों पर एएलएस एंबुलेंस तैनात करने और आईटीबीपी के माध्यम से प्रत्येक चेकपोस्ट पर मेडिकल स्टाफ की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
सड़क एवं परिवहन व्यवस्थाओं की समीक्षा के दौरान धारचूला से गुंजी और गुंजी से आदि कैलाश व कालापानी मार्ग की स्थिति का जायजा लिया गया। बीआरओ को निर्देश दिए गए कि यात्रा शुरू होने से पहले सभी सड़क मार्गों की कमियों को दूर किया जाए।
इसके अलावा टैक्सी, होमस्टे, पार्किंग, पेयजल, विद्युत, शौचालय और साफ-सफाई की व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए। सप्लाई विभाग को डीजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने और पेट्रोल पंपों पर पेयजल व शौचालय की व्यवस्था अनिवार्य रखने को कहा गया।
बैठक में पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे, मुख्य उपचिकित्सा अधिकारी प्रशांत कौशिक समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
