पिथौरागढ़ में उद्योगों को मिलेगा बढ़ावा, निवेशकों को समयबद्ध स्वीकृति के निर्देश

पिथौरागढ़। जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में उद्योग मित्र बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में औद्योगिक विकास को गति देने, निवेशकों की समस्याओं के समाधान तथा विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान एमएसएमई नीति-2015 के अंतर्गत संचालित योजनाओं की समीक्षा करते हुए सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से प्राप्त आवेदनों और उद्यमियों को दी जा रही सुविधाओं का जायजा लिया गया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि उद्योग स्थापित करने के इच्छुक उद्यमियों को समयबद्ध तरीके से सभी आवश्यक स्वीकृतियां उपलब्ध कराई जाएं और उनकी समस्याओं का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने औद्योगिक इकाइयों को दी जा रही ब्याज सब्सिडी, अनुदान एवं वित्तीय सहायता से जुड़े प्रकरणों की भी समीक्षा की। एमएसएमई नीति के अंतर्गत 10 प्रतिशत ब्याज अनुदान से संबंधित नौ प्रकरणों तथा 100/75 प्रतिशत विद्युत अनुदान से जुड़े तीन प्रकरणों पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

सिंगल विंडो (एसडब्ल्यूसी) के अंतर्गत प्राप्त छह आवेदनों पर भी चर्चा करते हुए उन्हें स्वीकृति देने पर विचार किया गया। इसके अलावा जॉय लाटेश्वर बाबा सहकारिता समिति को कुटीर उद्योग संचालन हेतु उद्योग विभाग का भवन उपलब्ध कराने के प्रस्ताव पर भी मंथन हुआ।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में उद्योगों की स्थापना से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे और आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए उद्योगों के अनुकूल वातावरण तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही उद्यमियों की समस्याओं का पारदर्शी एवं समयबद्ध समाधान प्रशासन की प्राथमिकता बताया।

बैठक में महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र कविता भगत, डिप्टी सीएमओ डॉ. प्रशांत कौशिक, सहायक श्रम आयुक्त सुनील तिवारी, जिला पूर्ति अधिकारी विनय कुमार, जिला पर्यटन अधिकारी कीर्ति आर्या सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं उद्यमी मौजूद रहे।