पिथौरागढ़। परिवहन विभाग के प्रवर्तन दल ने सघन चेकिंग अभियान के दौरान फर्जी ड्राइविंग लाइसेंस के आधार पर वाहन चला रहे चालक को पकड़कर पिकअप वाहन सीज कर दिया। चालक पर ₹19 हजार का चालान भी किया गया।

एआरटीओ प्रवर्तन अधिकारी शिवांश कांडपाल ने बताया कि आज तड़के घाट–पिथौरागढ़ हाईवे पर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इस दौरान पिथौरागढ़ की ओर आ रही उत्तर प्रदेश नंबर की पिकअप को रोका गया। जांच के दौरान चालक ने मोबाइल फोन में डिजिटल ड्राइविंग लाइसेंस दिखाया, लेकिन लाइसेंस में दर्ज जन्मतिथि और चालक की वास्तविक उम्र में अंतर पाया गया।
संदेह होने पर आधार कार्ड से मिलान किया गया, जिसमें नाम, पता और जन्मतिथि में अंतर सामने आया। जांच में लाइसेंस फर्जी पाया गया। इसके बाद प्रवर्तन दल ने तत्काल वाहन सीज कर दिया और चालक के खिलाफ ₹19 हजार का चालान किया गया। साथ ही संबंधित एआरटीओ कार्यालय को सूचना भेजकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
दो दिन पहले भी हुई कार्रवाई
इससे पहले रात्रि चेकिंग के दौरान एक ट्रक चालक को भी पकड़ा गया था, जो किसी अन्य व्यक्ति का ड्राइविंग लाइसेंस दिखाकर वाहन चला रहा था। पूछताछ में चालक भ्रामक जानकारी दे रहा था। इस पर ट्रक को सीज कर चालक पर ₹20 हजार का चालान किया गया।
यात्रा सीजन को लेकर बढ़ाई गई सख्ती
एआरटीओ ने बताया कि विवाह सीजन और आगामी आदि कैलाश यात्रा को देखते हुए चेकिंग अभियान तेज कर दिया गया है। ओवरलोडिंग, नशे में वाहन संचालन और यातायात नियमों के उल्लंघन पर कड़ी नजर रखी जा रही है। उन्होंने वाहन चालकों से नियमों का पालन करने और वैध दस्तावेज साथ रखने की अपील की है।
