औचक निरीक्षण में तीन पैथोलॉजी लैब सीज, प्रत्येक पर ढाई लाख का जुर्माना

बागेश्वर। जनपद में स्वास्थ्य विभाग की सख्ती के तहत आज  संचालित विभिन्न पैथोलॉजी लैब्स का औचक निरीक्षण किया गया। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी अमित मिश्रा ने बताया कि निरीक्षण के दौरान कई लैब्स में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं, जिसके बाद सख्त कार्रवाई की गई।

निरीक्षण में मां भगवती लैब, शिवम पैथोलॉजी लैब और कालिका लैब में बायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन, अग्नि सुरक्षा, प्रदूषण नियंत्रण तथा क्लीनिकल एस्टेब्लिशमेंट से जुड़े जरूरी पंजीकरण दस्तावेजों में भारी खामियां पाई गईं। इतना ही नहीं, कई ब्लड जांच रिपोर्ट्स में पैथोलॉजिस्ट के हस्ताक्षर तक नहीं मिले, जो नियमों का सीधा उल्लंघन है।

स्वास्थ्य विभाग ने इन गंभीर लापरवाहियों को देखते हुए तीनों लैब्स पर क्लीनिकल एस्टेब्लिशमेंट एक्ट के तहत प्रत्येक पर 2.50 लाख रुपये का जुर्माना लगाया और उन्हें तत्काल प्रभाव से सीज कर दिया।

वहीं, चन्दन डायग्नोस्टिक लैब के निरीक्षण में भी कुछ कमियां पाई गईं, जिस पर विभाग ने संचालकों को जल्द सुधार के निर्देश दिए हैं।