फेसबुक पर बाल अश्लील सामग्री प्रसारित करने वाला गिरफ्तार, 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया

DTN पिथौरागढ़। साइबर अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पिथौरागढ़ पुलिस ने फेसबुक के माध्यम से बाल अश्लील सामग्री (सीएसएएम) प्रसारित करने के मामले में एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। न्यायालय में पेशी के बाद उसे 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, एनसीएमईसी टिपलाइन से प्राप्त सूचना के आधार पर 15 जुलाई को थाना बलुवाकोट में सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67बी के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की विवेचना प्रभारी निरीक्षक हरेंद्र सिंह नेगी को सौंपी गई।

जांच के दौरान इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और तकनीकी विश्लेषण से पता चला कि जिस मोबाइल सिम के माध्यम से आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित की जा रही थी, वह बलुवाकोट निवासी एक महिला के नाम पर पंजीकृत थी, लेकिन उसका उपयोग उसका भाई वीर भान राम लावड (32) कर रहा था। वह नेपाल के दार्चुला जिले का निवासी है और वर्तमान में बलुवाकोट में रह रहा था।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपित फेसबुक के माध्यम से बाल अश्लील सामग्री विभिन्न व्यक्तियों को भेज रहा था। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उसे नामजद करते हुए गिरफ्तार कर लिया गया।

प्रभारी निरीक्षक हरेंद्र सिंह नेगी और एसओ बलुवाकोट नीमा बोहरा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने उसे 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया।