सुरक्षित ईंधन अपनाने को न्यायिक अधिकारियों ने दिया संदेश, पैदल पहुंचकर किया जागरूक

पिथौरागढ़। उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, पिथौरागढ़ द्वारा जनपद न्यायालय परिसर में “सुरक्षित ईंधन, सुरक्षित जीवन” अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला जज एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष धनंजय चतुर्वेदी ने की।

कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को ईंधन संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना रहा। इस दौरान न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं एवं कर्मचारियों से सप्ताह में दो दिन वैकल्पिक परिवहन अपनाने की अपील की गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला जज धनंजय चतुर्वेदी ने कहा कि वर्तमान समय में ऊर्जा संसाधनों का संरक्षण अत्यंत आवश्यक हो गया है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को ईंधन बचत को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं एवं कर्मचारियों से विशेष रूप से सोमवार और शनिवार को पैदल अथवा साइकिल से न्यायालय आने का अनुरोध किया। साथ ही दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले लोगों से साझा वाहन का उपयोग करने की अपील की गई, ताकि ईंधन की बचत के साथ प्रदूषण में भी कमी लाई जा सके।

अभियान को व्यवहारिक रूप से अपनाते हुए न्यायिक अधिकारी, अधिवक्तागण एवं कर्मचारी ने सिल्थाम तिराहे से पैदल चलकर न्यायालय परिसर पहुंचे। इस दौरान लोगों को यह संदेश दिया गया कि नियमित पैदल चलना न केवल ईंधन बचत में सहायक है, बल्कि स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी है।

कार्यक्रम में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सुमन, सिविल जज (जू०डि०) शिव सिंह, जिला बार एसोसिएशन अध्यक्ष मोहन चन्द्र भट्ट, चीफ लीगल डिफेंस काउंसिल स्टाफ, पैनल अधिवक्तागण एवं न्यायालय कर्मचारी मौजूद रहे।