जनसुनवाई में उठा पेयजल, सड़क और आपदा सुरक्षा का मुद्दा,

पिथौरागढ़। कलेक्ट्रेट सभागार में आज जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई की अध्यक्षता में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई कार्यक्रम में जिले के दूरस्थ क्षेत्रों से पहुंचे ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों ने पेयजल, सड़क, स्वास्थ्य सेवाएं, भूमि विवाद, राशन कार्ड और विकास कार्यों से जुड़ी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं।

जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों को स्थलीय निरीक्षण कर व्यावहारिक समाधान निकालने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में ग्राम पंचायत रांथी (धारचूला) में सड़क चौड़ीकरण और कटिंग कार्य पूरा कराने, जयकोट क्षेत्र में एनपीसीसी अधिकारियों की कार्यप्रणाली की जांच, कपिलेश्वर महादेव मंदिर में पेयजल व्यवस्था सुधारने तथा जल जीवन मिशन के तहत कराए गए कार्यों की गुणवत्ता जांच के मुद्दे प्रमुखता से उठे। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई करते हुए जांच आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

मदकोट, गोरिपार और मुनस्यारी क्षेत्र से पहुंचे जनप्रतिनिधियों ने पेयजल संकट, ग्रामीण बैंक शाखा खोलने, आपदा सुरक्षा कार्यों और लंबित विकास योजनाओं को शीघ्र पूरा करने की मांग रखी। वहीं जिला चिकित्सालय में अतिरिक्त नर्सों की तैनाती, विद्यालयों और ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल टैंक निर्माण की मांग भी उठाई गई।

जनसुनवाई में राशन कार्डों में अनियमितता, सड़क निर्माण से उत्पन्न समस्याएं, कर्मचारियों के वेतन, कृषि भवन मरम्मत और पैदल मार्ग निर्माण जैसे मामलों पर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक जांच कर त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

महिला सुरक्षा और प्रशासनिक पारदर्शिता से जुड़े मामलों में जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाते हुए सूचना का अधिकार अधिनियम के तहत गलत सूचना उपलब्ध कराने के आरोपों की निष्पक्ष जांच के आदेश दिए। महिला उत्पीड़न के मामलों में विशाखा समिति के दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए पुलिस विभाग को निर्देशित किया गया।

बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पोर्टल पर दर्ज शिकायतों और उनके निस्तारण की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने शिकायतकर्ताओं से दूरभाष पर वार्ता कर समस्याओं के समाधान की स्थिति की जानकारी भी ली।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत प्राप्त होते ही शिकायतकर्ता से अनिवार्य रूप से संपर्क किया जाए और समाधान के बाद पुनः उन्हें अवगत कराया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता जनता की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान करना है।

जनसुनवाई कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह समेत विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी और तहसील प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।