लंबित राजस्व वादों के निस्तारण में तेजी लाने के निर्देश, अवैध खनन और ओवरलोडिंग पर सख्ती बढ़ेगी

DTN चम्पावत। जनपद में प्रशासनिक कार्यों की प्रगति, कानून-व्यवस्था और जनहित से जुड़े मामलों की समीक्षा को लेकर जिला कार्यालय सभागार में जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में मासिक स्टाफ बैठक आयोजित हुई। बैठक में प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने विभिन्न न्यायालयों में लंबित वादों, राजस्व मामलों, भू-राजस्व वसूली, अभियोजन प्रकरणों, खनन और परिवहन गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने उप जिलाधिकारियों और तहसीलदारों को न्यायिक एवं राजस्व कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने, न्यायालयों में नियमित रूप से बैठने तथा लंबित राजस्व वादों के त्वरित निस्तारण के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि आमजन से जुड़े मामलों में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही मजिस्ट्रेटी जांचों को शीघ्र पूरा करने, चरित्र सत्यापन प्रक्रिया में तेजी लाने तथा पटवारियों को नियमित क्षेत्र भ्रमण कर सरकारी परिसंपत्तियों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने तहसील कार्यालयों में जनता के कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर निपटाने और सेवा का अधिकार अधिनियम के तहत प्राप्त मामलों की नियमित समीक्षा सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में अवैध खनन, ओवरलोडिंग और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर सख्त निर्देश जारी किए गए। अधिकारियों को निरंतर छापेमारी और चालानी कार्रवाई जारी रखने के लिए कहा गया। अतिक्रमण हटाने और नशामुक्ति अभियान के तहत नशीले पौधों के विनष्टीकरण को भी प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।

सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने तथा शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद स्थापित करने के निर्देश दिए। आयोगों से संबंधित प्रकरणों का जवाब भी तय समय में उपलब्ध कराने को कहा गया।

आपदा प्रबंधन को लेकर जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश देते हुए कहा कि आपदा या आपात स्थिति में प्रभावित लोगों को तत्काल राहत और सहायता उपलब्ध कराई जाए। साथ ही राहत कार्यों और मुआवजा वितरण में तेजी लाने को कहा।

बैठक में भू-अभिलेखों और शासकीय अभिलेखों के डिजिटाइजेशन कार्य में तेजी लाने, फार्मर रजिस्ट्री का कार्य शत-प्रतिशत पूरा करने तथा राशन कार्ड सर्वे अभियान को तेज करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी, उप जिलाधिकारी चम्पावत वी.के. पंत, उप जिलाधिकारी लोहाघाट नीतू डागर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।