योग दिवस पर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने की तैयारी, डीएम ने जनपदवासियों से की अधिकतम सहभागिता की अपील

DTN पिथौरागढ़। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आयुष मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा 14 जून को आयोजित होने वाले विशेष ऑनलाइन योग सत्र के माध्यम से गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड स्थापित करने की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ-साथ आम जनमानस की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

बैठक में बताया गया कि 14 जून को प्रातः 6:15 बजे से 7:35 बजे तक आयोजित होने वाले इस विशेष ऑनलाइन योग सत्र में एक साथ सर्वाधिक लोगों की भागीदारी दर्ज कर विश्व रिकॉर्ड बनाने का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण आयुष मंत्रालय के आधिकारिक यूट्यूब मंच पर किया जाएगा।

जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से समय रहते पंजीकरण कराने तथा निर्धारित समय पर योग सत्र में अनिवार्य रूप से प्रतिभाग करने की अपील की। उन्होंने विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए कि अधीनस्थ कार्यालयों एवं फील्ड स्तर पर कार्यरत सभी कार्मिकों का पंजीकरण सुनिश्चित कराया जाए।

उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि मानसिक, बौद्धिक और आध्यात्मिक संतुलन का भी आधार है। इसलिए इस अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ संचालित करते हुए व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाए। बैठक में यह भी अपील की गई कि प्रत्येक कार्मिक अपने स्तर पर अधिक से अधिक लोगों का पंजीकरण कराकर उन्हें ऑनलाइन योग सत्र में भाग लेने के लिए प्रेरित करें, जिससे जनपद की सहभागिता राज्य में उदाहरण बन सके।

पंजीकरण की प्रक्रिया के संबंध में अधिकारियों को जानकारी देते हुए बताया गया कि इच्छुक प्रतिभागियों को सबसे पहले टोल फ्री नंबर 1800-315-7008 पर मिस्ड कॉल देनी होगी। इसके उपरांत उनके व्हाट्सएप पर पंजीकरण लिंक प्राप्त होगा, जिसके माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया पूरी की जा सकेगी।

बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड की आधिकारिक गणना में शामिल होने के लिए प्रत्येक प्रतिभागी को 14 जून को अपने व्यक्तिगत मोबाइल, लैपटॉप अथवा अन्य डिजिटल उपकरण से अलग-अलग लॉग-इन कर योग सत्र से जुड़ना अनिवार्य होगा। केवल पंजीकृत एवं लॉग-इन किए गए व्यक्तिगत उपकरणों को ही रिकॉर्ड गणना में शामिल किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से इस ऐतिहासिक पहल में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने तथा योग को जन-जन तक पहुंचाने में सहयोग देने की अपील की।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी, अपर जिलाधिकारी योगेन्द्र सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एस.एस. नबियाल, उप प्रभागीय वनाधिकारी राजकुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक का संचालन डॉ. उषाबृजवासी भट्ट ने किया।