ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में जिलेभर की दवा दुकानें आज रही बंद, 

DTN पिथौरागढ़। ऑनलाइन दवा बिक्री और बिना वैध चिकित्सकीय पर्चे के दवाओं की आपूर्ति के विरोध में ऑल इंडिया ऑर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स और जिला केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के आह्वान पर आज जिलेभर में दवा प्रतिष्ठान बंद रहे। दवा व्यापारियों ने ऑनलाइन माध्यमों से दवा बिक्री और कथित अनियमितताओं के खिलाफ नाराजगी जताते हुए विरोध दर्ज कराया।

जिला केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष महेश चन्द्र पंत और महामंत्री दीपक चंद राजा ने कहा कि कोविड महामारी के दौरान विशेष परिस्थितियों को देखते हुए लागू की गई व्यवस्थाओं का वर्तमान समय में गलत उपयोग किया जा रहा है। उनका कहना है कि कुछ ऑनलाइन मंचों और कंपनियों के माध्यम से नियमों के विपरीत दवाओं की आपूर्ति की जा रही है, जिससे जन-स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।

एसोसिएशन ने अवैध ऑनलाइन दवा बिक्री पर तत्काल रोक लगाने, बिना वैध चिकित्सकीय पर्चे के दवा बिक्री और होम डिलीवरी पर प्रतिबंध लगाने, जीएसआर 817 (ई) एवं जीएसआर 220 (ई) को वापस लेने तथा ऑनलाइन कंपनियों द्वारा अत्यधिक छूट और अनुचित मूल्य निर्धारण पर रोक लगाने की मांग की है।

अध्यक्ष महेश चन्द्र पंत ने कहा कि दवा विक्रेता स्वास्थ्य सेवा व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और कोविड महामारी जैसे कठिन दौर में भी उन्होंने लोगों तक दवाएं पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई थी। महामंत्री दीपक चंद राजा ने कहा कि मरीजों की सुरक्षा, जनहित और स्वास्थ्य व्यवस्था को देखते हुए सरकार को इस विषय पर गंभीरता से कदम उठाने चाहिए।

दवा दुकानें बंद रहने से मरीजों और उनके स्वजनों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई लोग जरूरी दवाओं के लिए एक दुकान से दूसरी दुकान भटकते नजर आए, जबकि नियमित दवा लेने वाले मरीजों को भी असुविधा झेलनी पड़ी।